हरियाणा में आज से सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत होगी। अंबाला में मुख्यमंत्री नायाब सैनी इस योजना काे शुरू करेंगे। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की तरफ से 17 जून यानी आज राज्य स्तरीय प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कार्यक्रम होगा। इससे पहले सीएम मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत अयोध्या दर्शन करने जा रहे दर्शनार्थियों की बस को भी रवाना करेंगे। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम अंबाला के अधीक्षक अभियंता वीके गोयल ने कहा कि 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना शुरू की, जिसके तहत मध्यम वर्ग और गरीब लोगों के घरों की छतों पर रूफटॉप सौर पैनल स्थापित किए जाएंगे। इससे यह वर्ग पर्याप्त बिजली पैदा करके बिजली के उत्पादक और उपयोग कर्ता दोनों बनेंगे।

कम होगा बिजली का बिल
हरियाणा में इससे उपभोक्ता के बिजली का बिल कम होगा। केंद्र सरकार की ओर से 2 किलोवाट के पैनल के लिए 60 हजार रुपए की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। एक लाख गरीब परिवार जिनकी औसत मासिक बिजली खपत 200 यूनिट तक है और जिनकी परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपए तक है, के लिए 50 हजार रुपए तक की अतिरिक्त सहायता योजना शुरू की है।

तैयारियां पूरी
गोयल ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना कार्यक्रम की तैयारियां कर ली गई है और अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटियां लगा दी गई है। इस कार्यक्रम में योजना के लाभार्थी भी शिरकत करेंगे। सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाना सुनिश्चित करेंगे। इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां डीसी डॉ. शालीन की देखरेख में पूरी की हैं।

