चंडीगढ़: राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के जोन-2 सम्मेलन की मेजबानी हरियाणा करेगा। यह सम्मेलन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में 8 से 10 जून के बीच चंडीगढ़ में होगा। इसके लिए हरियाणा विधानसभा सचिवालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस सिलसिले में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने अधिकारियों के साथ बैठक कर योजना का प्रारम्भिक खाका तैयार किया। गत वर्ष 12 सितंबर को बेंगलुरु में आयोजित सीपीए के 11वें भारतीय क्षेत्रीय सम्मेलन के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण को सीपीए जोन-2 का चेयरपर्सन नियुक्त किया था। कल्याण के सीपीए जोन-2 के अध्यक्ष होते हुए यह पहला सम्मेलन हरियाणा में आयोजित किया जा रहा है।
CPA अध्यक्ष हैं ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सीपीए भारतीय क्षेत्र के अध्यक्ष हैं। सीपीए के भारतीय क्षेत्र में भारतीय संसद और 31 विधान मंडल शामिल हैं। वहीं, सीपीए के भारतीय क्षेत्र के 9 जोन हैं। इनमें से जोन-2 के चेयरपर्सन हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण हैं, उसमें हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पंजाब के विधान मंडल शामिल हैं। इस सम्मेलन में इन पांचों राज्यों के विधानमंडलों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भाग लेंगे।

