तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: ईरान के साथ एकतरफा सीजफायर बढ़ाने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने समुद्र में अमेरिकी नाकेबंदी की तारीफ की है। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पर लिखा- ईरान आर्थिक रूप से टूट रहा है। उसके पास पैसों की कमी हो रही है, इसलिए तुरंत होर्मुज स्ट्रेट खोलना चाहता है। उन्होंने दावा किया कि नाकेबंदी की वजह से ईरान को रोज करीब 500 मिलियन डॉलर का नुकसान हो रहा है। ईरान की सेना और पुलिस को समय पर वेतन नहीं मिल रहा और देश के अंदर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। वही, ईरान के संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि अमीर सईद इरावानी ने कहा है कि नाकेबंदी हटने के बाद ही अमेरिका से बातचीत हो सकती है।
पाकिस्तानी आर्मी चीफ मुनीर और PM शहबाज की अपील पर फैसला
ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका, पाकिस्तान की अपील पर ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम (सीजफायर) को आगे बढ़ा रहा है। हालांकि उन्होंने यह नहीं कहा कि यह कितने दिन के लिए बढ़ाया गया है। ट्रम्प ने कहा कि ईरान में इस समय नेतृत्व और सरकार में एकजुटता नहीं है। ऐसे वक्त में पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने उनसे ईरान पर कुछ समय तक हमले रोकने की अपील की, ताकि ईरान को साझा प्रस्ताव तैयार करने का वक्त मिल सके। ट्रम्प ने कहा कि इस अपील को मानते हुए उन्होंने अमेरिकी सेना को फिलहाल हमला रोकने का आदेश दिया है। हालांकि, सेना को पूरी तरह तैयार रहने को भी कहा गया है। इस दौरान ईरान पर दबाव बनाए रखने के लिए नाकेबंदी (ब्लॉकेड) जारी रहेगी। उन्होंने साफ किया कि सीजफायर तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान अपनी ओर से ठोस और एकजुट प्रस्ताव नहीं दे देता और बातचीत पूरी नहीं हो जाती, चाहे उसका नतीजा कुछ भी निकले।

