ढकोली/जीरकपुर। वॉर्ड नंबर 8 में विकास को नई गति देने के लिए आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्र के माननीय विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा आज शाम 4:30 बजे डीएस एस्टेट, ढकोली में पहुंचकर वॉर्ड में 12 नए विकास कार्यों एवं पार्क सुधार कार्यों का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है। वॉर्ड इंचार्ज विश्व बंधु ने जानकारी देते हुए बताया कि वॉर्ड के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों की योजना बनाई गई है। जिनमें ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था को मजबूत करना, सड़कों पर स्पीड ब्रेकर लगवाना, नई स्ट्रीट लाइट्स लगाना, वर्षा जल निकासी के लिए रेन वाटर ड्रेन का निर्माण करना तथा पार्कों का सौंदर्यीकरण और सुधार कार्य शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से क्षेत्रवासी इन सुविधाओं की मांग कर रहे थे, जिन्हें अब पूरा किया जा रहा है। इन विकास कार्यों के पूरा होने से न केवल वॉर्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता और सुविधाओं में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। खासतौर पर पार्कों के विकास से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को एक सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिलेगा। विश्व बंधु ने सभी वॉर्डवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचें और इस विकास कार्य के शुभारंभ के साक्षी बनें। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी वॉर्ड के विकास के लिए इसी तरह निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। क्षेत्र के लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन कार्यों के शुरू होने से वॉर्ड की तस्वीर बदलने वाली है और उन्हें रोजमर्रा की समस्याओं से राहत मिलेगी।

