लुधियाना: लुधियाना के हैबोवाल इलाके में एक लिव-इन पार्टनर पर अपने प्रेमी के घर से सोना चोरी करने का आरोप लगा है। जब प्रेमी ने इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज कराया, तो महिला ने उसे गालियां देनी शुरू कर दीं और उसकी प्राइवेट व आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। महिला उस पर केस मामला वापस लेने का दबाव बना रही हैं। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आज आईटी एक्ट और ब्लैकमेलिंग समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेम संबंध से पुलिस केस और ब्लैकमेलिंग तक की कहानी: –
- 2023 से लिव-इन रिलेशनशिप में था: सिल्वर सिटी हैबोवाल कलां निवासी मनदीप सिंह (42 साल) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह वर्ष 2023 से राजवीर कौर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। इस दौरान सब कुछ ठीक चल रहा था।
- सहमति के बिना घर से सोना चोरी कर लिया: साल 2025 में राजवीर कौर ने उसकी जानकारी और सहमति के बिना घर से सोना चोरी कर लिया और फरार हो गई। घटना के बाद उसने तुरंत थाना हैबोवाल में राजवीर कौर के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी।
- चोरी के बाद अब शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल: पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी राजवीर कौर ने नया पैंतरा अपनाया। शिकायतकर्ता मनदीप सिंह का आरोप है कि राजवीर कौर और उसकी सहेली सरस्वती उसे मोबाइल पर लगातार वॉइस मैसेज भेज रही हैं, जिनमें अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है।
- चोरी का मामला वापस लेने का दबाव बना रही: मनदीप के अनुसार, दोनों महिलाएं उस पर चोरी का मामला वापस लेने का दबाव बना रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि केस वापस नहीं लिया गया, तो उसकी निजी और आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी और उसे समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ेंगी।
पुलिस ने लिया एक्शन
मामले की संवेदनशीलता और आईटी से जुड़े अपराध को देखते हुए थाना हैबोवाल की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता मनदीप सिंह के अनुसार आरोपी राजवीर कौर और सरस्वती पर 66 IT Act, 351(2), 62, 61(2) BNS की धारा में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर कुलवंत कौर ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
