लुधियाना: लुधियाना के ग्यासपुरा इलाके में एक तेज रफ्तार कैंटर ने सोमवार रात ईस्टमैन चौक के पास एक अनियंत्रित कैंटर ने सड़क किनारे लगी हाई वोल्टेज बिजली की तारों और पोल में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वहां से गुजर रहे दो दोस्त बिजली के खंभों के नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की टांग बुरी तरह कुचली गई जबकि दूसरे का पैर कटकर अलग हो गया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ PGI रेफर किया गया है।
दोस्त को घर छोड़ने जा रहा था युवक
शिकायतकर्ता अनवर अली निवासी ग्यासपुरा ने बताया कि 27 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे वह अपने दोस्त अरुण कुमार को उसके घर छोड़ने पैदल जा रहा था। जब वे ईस्टमैन चौक पार कर रहे थे, तभी उत्तराखंड नंबर के एक कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हाई वोल्टेज तारों से टकराया कैंटर, ऊपर गिरे खंभे
अनवरार के मुताबिक आरोपी ड्राइवर संजय चंद्रा कैंटर को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण कैंटर सीधे बिजली की मोटी तारों और खंभों में जा घुसा। टक्कर लगते ही भारी-भरकम बिजली के खंभे सीधे अनवरार और अरुण के ऊपर आ गिरे। अनवरार अली के खंभे के नीचे आने से इसकी बाईं टांग पूरी तरह कुचली गई है। वही अरुण कुमार मलबे और खंभे के दबाव के कारण अरुण का एक पैर कट गया।
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को किया नामजद
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। पुलिस ने उत्तराखंड के उधम सिंह नगर निवासी आरोपी ड्राइवर संजय चंद्रा के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 281, 125A, 125B और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज PGI चंडीगढ़ में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

