पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला नगर निगम चुनाव में अब बॉलीवुड स्टार की एंट्री हो गई है। बुधवार की शाम को फिल्म अभिनेता एवं कांग्रेस नेता राज बब्बर ने पंजाबी बहुल इलाकों में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए सभाएं की। सभा के दौरान उन्होंने पंचकूला के लोगों को MLA चंद्रमोहन का एक किस्सा सुनाया। सेक्टर-15 में सभा को संबोधित करते हुए राज बब्बर ने कहा कि हमारे बीच ऐसा शख्स है, जो कहता है वो करता भी है। चंद्रमोहन हमारे बीच में MLA के तौर पर साथ है। आदेश चंद्रमोहन का था तो मुझे आना ही था। नहीं आता तो बचपन वाली बात सुना देते, कि आप शूटिंग करने आए थे तो आप लोगों को हमने थकाया था यहां। फिर मैंने परमिशन ली भाई साहब से कि हमें शूटिंग कर लेने दो। मैं उस वक्त आया था अनिता के साथ, प्रेमगीत की। ये आ गए भाई साहब हड़कंप मचाने के लिए। भाई साहब आप हमारे इलाके में शूटिंग करने कैसे आ गए। लेकिन ये ऐसा व्यक्ति है नहीं। ये मददगार शख्स थे भाई, हमारा छोटा है।

1980 में हुई थी फिल्म की शूटिंग
राज बब्बर जिस फिल्म प्रेमगीत का जिक्र कर रहे थे, उसकी शूटिंग साल 1980 के दौरान पंचकूला के मोरनी एरिया में हुई थी। उस समय चंद्रमोहन बिश्नोई करीब 15 साल के थे और उनके पित चौधरी भजनलाल हरियाणा के मुख्यमंत्री थे। राज बब्बर के साथ-साथ गुलशन ग्रोवर और अभिनेत्री अनिता भी यहां पर शूटिंग के लिए आईं थी।
दो पंडित साथ, सीधे भगवान से संपर्क
राज बब्बर ने कैंडिडेट का परिचय करवाते हुए उनके नाम लिए तो वे बोल उठे कि लो जी ये तो दोंनों ही पंडित हैं। अब तो साड्डा रब नाल सीधा ताल्लुक हो गया है। अब किसी को बीच में लाने की जरूरत नहीं है। एक पंडित दाएं है और एक बाएं और है। आप लोगों से हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हुं कि मुझे विश्वास है कि आप हाथ के पंजे पर डालेंगे।
सेल्फी खिंचवाने की लगी होड़
राज बब्बर की सभा खत्म होते ही कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने की होड़ मच गई। जब तक वे गाड़ी में नहीं बैठ गए, खासकर महिलाएं उनके साथ खड़े होकर सेल्फी ले रहीं थी। लोकल पंजाबी नेता का नाम लेकर भी राज बब्बर ने लोगों को साथ जोड़ने का प्रयास किया।

