मोहाली के जीरकपुर में एक कारोबारी का अपहरण कर लिया गया। वह दोस्तों के साथ बैठा हुआ था, तभी मास्क पहने एक युवती वहां आई और उससे बात करने लगी। इसी दौरान दो और युवक वहां पहुंचे। इसके बाद वे कारोबारी को जबरन पकड़ने लगे। जब दोस्तों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने खुद को पटियाला CIA का अफसर बताया। उन्होंने दावा किया कि कारोबारी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है और वे उसे गिरफ्तार करने आए हैं। इसके बाद वे आरोपी को स्कॉर्पियो में डालकर भाग गए और नाभा के एक किराए के मकान में बंधक बनाकर रखा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी शुरू की और 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, कारोबारी को भी उनके चंगुल से छुडाया। जांच में सामने आया की पैसों के विवाद में साजिश रची गई थी।
दोस्तों संग बैठा था कारोबारी
एसपी (इन्वेस्टिगेशन) सौरभ जिंदल के अनुसार, 30 अप्रैल को वीआईपी रोड स्थित रॉयल जंक्शन से नीरज कक्कड़ का अपहरण किया गया था। घटना के समय शाम करीब 6:45 बजे नीरज अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान एक मास्क पहने युवती उसके पास आई और उससे बात करने लगी। इसी दौरान दो और युवक वहां पहुंचे। इसके बाद वे कारोबारी को जबरन पकड़ने लगे। जब दोस्तों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने खुद को पटियाला CIA का अफसर बताया। उन्होंने दावा किया कि कारोबारी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है और वे उसे गिरफ्तार करने आए हैं। तीनों ने मिलकर नीरज को जबरदस्ती सफेद स्कॉर्पियो में डालकर अगवा कर लिया।
पटियाला से 4 आरोपी गिरफ्तार
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की। तकनीकी और सूत्रों की मदद से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1 मई को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमें कमलवीर गर्ग (नाभा), हरप्रीत सिंह (पटियाला), अमनदीप सिंह (पटियाला) और जगसीर सिंह (नाभा) के रूप में हुई है।
पैसों के विवाद में रची साजिश
एसपी के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी कमलवीर गर्ग का पीड़ित के साथ पैसों का लेन-देन था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। अपहरण के बाद नीरज को नाभा के एक किराए के मकान में बंधक बनाकर रखा गया था।
स्कॉर्पियो समेत युवक बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पीड़ित को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के हवाले कर दिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद स्कॉर्पियो (PB65-P-3341) भी कब्जे में ले ली गई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

