मोहाली में बैंककर्मी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। टावर नंबर-3 की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या कोई घटना। लोगों का कहना है कि बैंककर्मी ऊपर से अचानक नीचे गिरा। उसके कानों में हेडफोन लगे हुए थे और पास पिट्ठू बैग पड़ा था। उसके पैरों में केबल वाले तार लिपटते हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान होशियारपुर के रहने वाले विक्रम सिंह के नाम से हुई। वह चंडीगढ़ के सेक्टर-8 स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (SBI) में क्लर्क था। यहां पर अपनी बहन के पास एसबीपीपी नार्थ वैली में आया था।
- लोगों को सुनाई दी जोरदार आवाज: मामला बुधवार रात करीब 12:25 बजे का है। सोसाइटी में अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी। यह सुनकर स्थानीय निवासी पार्किंग क्षेत्र की ओर पहुंचे। इस दौरान उन्हें एक युवक (35 साल) का शव पड़ा मिला। लोगों ने कहा कि युवक के कानों में हेडफोन लगे हुए थे।

- नेटवर्क केबल की चपेट में आ गया था: युवक के पास एक पिट्ठू बैग भी पड़ा था, जिसमें पानी की बोतल थी। उसका मोबाइल फोन जेब में सुरक्षित पाया गया और उसने चप्पल पहन रखी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक ऊपर से गिरते समय इमारत के बाहरी हिस्से से गुजर रही एक नेटवर्क केबल की चपेट में आ गया था। टक्कर लगने से केबल टूट गई और वह भी जमीन पर आ गिरी।
- CCTV फुटेज में ऊपर से गिरता दिखा युवक: मृतक पिछले 3-4 महीनों से सोसाइटी में किराए के फ्लैट में रह रहा था। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में युवक ऊंचाई से गिरते हुए देखा जा रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

