मोहाली: मोहाली में ट्रैफिक पुलिस के ASI का रिश्वत लेते हुए एक वीडियो सामने आया है। जिन युवकों ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया है, उन्होंने दावा किया है कि ASI ने चालान न काटने की एवज में पैसे मांगे थे। वीडियो में एक युवक ट्रैफिक बूथ के बाहर खड़े ASI से बातचीत करता नजर आ रहा है। बातचीत के दौरान युवक पहले 500 रुपये देने की बात करता है, लेकिन ASI उससे अधिक पैसे की मांग करता हुआ सुनाई देता है। इसके बाद युवक बाहर खड़े दूसरे व्यक्ति से पैसे लेकर आता है और ASI को पकड़ा देता है। वीडियो में युवक चालान न काटने और खींची गई फोटो डिलीट करने की बात भी करता सुनाई देता है। इस पर ASI युवक को आश्वासन देता है कि उसका चालान नहीं किया जाएगा। यह वीडियो मंगलवार शाम को जीरकपुर फ्लाईओवर के नीचे का है, लेकिन इसे अब वायरल किया जा रहा है। इस पर आरोपी ASI का कहना है कि उसने कोई पैसे नहीं लिए। वीडियो को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

वीडियो में युवक और ASI की बातचीत…
युवक: सर जी, 500 हैं। ASI: 500 में नहीं होगा।
युवक: यह एक लड़के के पास मिले हैं। ASI: नहीं, 500 नहीं।
युवक: सीरियसली, यही मिले हैं। ASI: जल्दी लेकर आ।
युवक: सर जी, 500 ही मिले हैं।
(इसके बाद ASI अंदर चला जाता है।)
युवक: सर जी… सर जी… 500।
(इस पर ASI की आवाज स्पष्ट नहीं आती)
युवक: मैं लेकर आऊं? वह लड़के से ही मंगवाए हैं, बच्चा समझ लो।
इसके बाद युवक पास खड़े दूसरे युवक को बुलाकर उससे 500 रुपये लेता है और ASI को देते हुए कहता है…
युवक: अब तो चालान नहीं होगा न? दूसरा युवक: देख ले, चालान तो नहीं कर देगा।
युवक: सर जी, फोटो डिलीट कर देना। ASI: हां, कर देंगे…कर देंगे।


