मोहाली में बुधवार को पैसों के लेन-देन को लेकर हुए खूनी विवाद में व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद बाप-बेटे ने व्यक्ति पर चाकुओं से हमला कर दिया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुलिस का नाका था। जानकारी के अनुसार, मृतक तरसेम सिंह डेराबस्सी के गांव भांखरपुर के बस स्टैंड के पास अपनी मोटरसाइकिल की सर्विस करवाने गया था। वहीं आरोपियों के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने तरसेम के सीने पर चाकुओं से 5-6 वार किए। हमले के बाद तरसेम सिंह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। मृतक के बेटे भवनप्रीत ने कहा कि पिता लगभग 10 मिनट तक मौके पर ही तड़पते रहे। लेकिन पास ही पुलिस नाका होने के बावजूद उन्हें कोई तत्काल सहायता नहीं मिली। जब तक उनको अस्पताल पहुंचाया गया उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों में रोष है। परिजनों का कहना है कि यदि पुलिस मुस्तैद होती और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन से इस लापरवाही की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
आरोपियों की तलाश जारी, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तरसेम सिंह के शव को कब्जे में लेकर डेराबस्सी सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और फरार पिता-पुत्र की तलाश में छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और यह भी देखा जाएगा कि सहायता पहुंचने में देरी क्यों हुई। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

