पंचकूला। कांग्रेस की ओर से मेयर पद की उम्मीदवार बनाए जाने के बाद सुधा भारद्वाज के कार्यालय में सोमवार को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों और कॉलोनियों से बड़ी संख्या में लोग उनके कार्यालय पहुंचे और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए अपना समर्थन जताया। इस दौरान पूर्व डिप्टी सीएम चंद्र मोहन भी विशेष रूप से मौजूद रहे और उन्होंने सुधा भारद्वाज को टिकट मिलने पर बधाई दी। कार्यालय में पहुंचे लोगों ने विश्वास जताया कि सुधा भारद्वाज शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएंगी। कॉलोनीवासियों ने उन्हें समर्थन देने का आश्वासन देते हुए कहा कि इस बार शहर में बदलाव की आवश्यकता है और वे इसके लिए एकजुट हैं। इस अवसर पर सुधा भारद्वाज ने सभी समर्थकों, कॉलोनीवासियों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए जिम्मेदारी भी है और वे इस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला शहर इस समय कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है, जिन पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने विशेष रूप से शहर की सफाई व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि यह पूरी तरह चरमराई हुई है। इसके अलावा सड़कों की हालत भी बेहद खराब है और कई जगह गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्कों की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है, जिससे लोगों को सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है। सुधा भारद्वाज ने भरोसा दिलाया कि वे इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करेंगी और पंचकूला को एक बेहतर और व्यवस्थित शहर बनाने का प्रयास करेंगी।

