पंचकूला: हरियाणवी गायक रॉकी मित्तल ने माता मनसा देवी मंदिर की व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े किए हैं। मंदिर के दर्शन करने के लिए पहुंचे रॉकी मित्तल ने पूरे घटनाक्रम के 2 वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए हैं। जिसको करीब 8 लाख लोग देख चुके हैं।
माता मनसा देवी मंदिर की पार्किंग से लेकर माता मंडप तक पूरा माहौल राकी मित्तल ने अपनी वीडियो में लाइव दिखाया। दर्शन करने तक राकी मित्तल की 3 जगह पर व्यवस्था में लगे लोगों से बहस भी हुई। जिसके बाद रॉकी मित्तल ने प्रकरण की शिकायत और व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए मंत्री विपुल गोयल से भी बातचीत की है। वहीं कमिश्नर सिबास कविराज से बात कर उन्होंने पुलिसिया प्रणाली की शिकायत की है। दैनिक भास्कर ऐप से बातचीत में रॉकी मित्तल ने कहा कि पूरे देश के मंदिरों में VIP कॅल्चर के नाम पर यही हाल है। रसीद के बावजूद मुझे लाइन में लगाया गया। मैंने सक्षम स्तर पर शिकायत रखी है, कमिश्नर ने एक-दिन में व्यवस्था बदलने की बात कही है। वहीं मंत्री ने भी पंचकूला प्रशासन के साथ बैठक करने की बात कही है।

- माता मनसा देवी दर्शन के लिए आए मित्तल: रॉकी मित्तल रविवार को माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए गए थे। दोपहर 12 बजे जब वे मंदिर में पहुंचे तो पार्किंग फीस लगते ही उन्होंने अपने सहयोगी से वीडियो बनवाना शुरू कर दिया। मित्तल ने कहा कि गाड़ी खड़ी करने के लिए भी यहां फीस देनी होगी।
- दर्शन के लिए 100 रुपए फीस पर सवाल: रॉकी मित्तल जब मंदिर की तरफ चले तो उन्हें दर्शन के लिए रसीद काउंटर देखा। जहां पर रॉकी मित्तल ने पूछा कि यहां किस चीज की रसीद कटती है। काउंटर पर कर्मचारी ने कहा कि सीधे दर्शन के लिए 100 रुपए और मंडप में बैठकर पूजा के लिए 500 रुपए की टिकट है।
- राकी का सवाल, माता से बात कितने में करवा दोगे: मित्तल ने कर्मचारी को कहा कि माता से बात करवाने के लिए कितने रूपए लोगे। मैं तुम्हें एक लाख रुपए दूंगा, माता से बात करवा दो। मित्तल ने कहा कि गुरूद्वारे और मस्जिद में जाकर देखो, वहां पर दर्शन के लिए कोई अलग फीस या VIP कॅल्चर नहीं है।
- कांग्रेस का राज होता तो हिंदू संगठन पहुंच जाते: रॉकी ने फीस पर सवाल उठाए तो कर्मचारी ने कहा कि यह तो सरकार ने निर्धारित किया है। जिस पर रॉकी मित्तल ने कहा कि यहां कांग्रेस का राज होता तो सारे हिंदु संगठन पहुंच जाते और बड़ा बखेड़ा खड़ा कर देते। लेकिन अब कोई सनातनी इस पर नहीं बोलेगा।

