मानव, अमृतसर: पंजाब में अकाली दल के सीनियर नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। अमृतसर पुलिस ने मजीठिया को पकड़ने के लिए 12 टीमें गठित की हैं। सोमवार को अमृतसर के अलावा चंडीगढ़ में भी मजीठिया की तलाश की गई। पुलिस के मुताबिक मजीठिया और उनके साथियों पर कल (31 मई) को मजीठा थाने से जबरन अपने साथी को छुड़ाने को लेकर केस दर्ज किया गया है।

मजीठिया के घर के बाहर पहुंची पुलिस अफसरों के मुताबिक अमृतसर में ग्रीन एवेन्यू, चंडीगढ़ में MLA हॉस्टल के अलावा 6 और ठिकानों पर तलाशी ली गई। मजीठिया के पकड़े न जाने के बाद पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। मजीठिया देश छोड़कर नहीं जा सकेंगे। उधर, अकाली दल ने बिक्रम सिंह मजीठिया के मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया है। इस याचिका पर कल सुनवाई होगी। मामले की सुनवाई से पहले हाईकोर्ट ने पंजाब के डीजीपी, अमृतसर के एसएसपी और मजीठा थाना के एसएचओ से जवाब मांगा है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि साजिश के तहत आरोपी को थाने से छुड़ाया गया। इस मामले में बिक्रम मजीठिया समेत कई लोगों पर केस दर्ज किया गया है।

