हिसार: हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल पर दिए ‘बदमाशी’ वाले बयान पर माफी मांग ली है। रेखा शर्मा ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर कहा, ‘मेरे बयान को तोड़-मरोड़कर वायरल किया गया। मेरी मंशा किसी एक व्यक्ति को लेकर नहीं थी, बल्कि एक पार्टी की वर्किंग के प्रति थी। जहां तक चौधरी भजनलाल की बात है, वह एक सम्मानित और जमीन से जुड़े हुए मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके परिवार के कई सदस्य हमारी पार्टी में हैं। अगर मेरे बयान से उनके परिवार या समर्थकों को दुख पहुंचा हो, तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं और खेद प्रकट करती हूं।” सांसद रेखा शर्मा के वीडियो के बाद पूर्व CM भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हम रेखा शर्मा के बयान से संतुष्ट हैं। उन्होंने समर्थकों से रेखा शर्मा के खिलाफ दी गई शिकायतें भी वापस लेने का आग्रह किया।

हम रेखा शर्मा के बयान से संतुष्ट
कुलदीप बिश्नोई ने भी वीडियो जारी कर कहा- “हम रेखा शर्मा के बयान से संतुष्ठ हैं। उन्होंने अपने शब्द वापस लेकर जो खेद प्रकट किया है, मैं उसकी प्रशंसा करता हूं। मैं इस मौके पर भजनलाल के अनुयायियों व समर्थकों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं कि हमारे कठिन समय पर सबने मजबूती से आवाज उठाई।”
शिकायतें और FIR वापस लें समर्थक
उन्होंने आगे कहा- “मैं अब सभी समर्थकों से आग्रह करता हूं कि वे पार्टी की गरिमा और अनुशासन का सम्मान करें। मेरा सभी से विनम्र निवेदन है कि इस विषय पर और वीडियो साझा न करें और जहां-जहां शिकायतें और एफआईआर हुई हैं, उनको वापस ले लें। इस पूरे प्रकरण का यही सम्मानजनक समापन है। हम सबको सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना है और मिलकर बीजेपी को और मजबूती प्रदान करनी है।”

