होशियारपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) के चुनाव निशान झाड़ू की बेअदबी के केस में पुलिस ने एक कांग्रेस वर्कर को गिरफ्तार कर लिया। यही नहीं, कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल तक भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस ने केस की जगह सिर्फ DDR दर्ज की। जिसमें स्पष्ट तौर पर लिखा है कि आरोपी ने चुनाव चिन्ह झाड़ू की बेअदबी की है। उन्होंने झाड़ू को बिखेर दिया।
वहीं पुलिस ने इसको लेकर सफाई दी कि निकाय चुनाव की जीत के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ हुड़दंग मचा रहा था। इससे माहौल खराब हो जाता और 2 पार्टियों के समर्थकों में टकराव हो सकता था, इसलिए यह एहतियाती कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस ने DDR की कॉपी शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि कांग्रेस की जीत से AAP सरकार इतनी तिलमिला गई कि बौखलाहट छिपाने के लिए झाड़ू की बेअदबी तक का केस बनाया जा रहा है।
- चुनाव के टाइम झाड़ू की बेअदबी की: कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया पेज पर होशियारपुर की टांडा पुलिस की डीडीआर की कॉपी जारी की है। जीडी नंबर 12, दिनांक 30 मई के अनुसार हेड कॉन्स्टेबल हरपाल सिंह ने बयान दर्ज कराए कि 29 मई को अहियापुर के रहने वाले प्रेम कुमार जैन, राजन सोंधी, सचिन कुमार पुरी, राजेश कुमार और राजिंदर सिंह काका ने एक शिकायत दी। जिसमें कहा कि मोहन वैद, मनदीप पलटा, रणजीत सिंह, अर्शदीप सिंह, अभ्युद्य वैद पर आरोप लगाया गया कि इन्होंने म्यूनिसिपल चुनावों के टाइम चुनाव चिन्ह झाड़ू की बेअदबी की।
- पुलिस जांच में बोली- झाड़ू बिखेरकर माहौल खराब किया: इसके अलावा धमकियां दीं और सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो डालकर चुनावी माहौल खराब करने की कोशिश की। इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। हेड कॉन्स्टेबल के मुताबिक उन्होंने इसकी जांच की तो पता चला कि इन आरोपियों ने झाड़ू को बिखेरकर चुनावी माहौल खराब किया। जिसके बाद तुरंत BNSS की धारा 126, 170 के तहत अर्शदीप सिंह को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया गया। इसके बाद उसके वारिसों को सूचना दी गई। इसका कलंदरा तैयार किया गया।

