चंडीगढ़: पंजाब में 26 मई को होने वाले निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन केवल आठ लोगों ने नॉमिनेशन भरे हैं। हालांकि किसी भी नगर निगम में नामांकन नहीं हुआ है। आज भी सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी। नामांकन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की धक्केशाही न हो, इसको लेकर स्टेट इलेक्शन कमीशन सख्त है। एक तरफ जहां रिटर्निंग अफसर के कमरे के बाहर और अंदर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, वहीं पुलिस को भी चौकसी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। इस समय चुनाव कुल 105 निकायों में होंगे, जिनमें 08 नगर निगम, 76 नगर परिषद और 21 नगर पंचायत शामिल हैं। इस बार मतदान ईवीएम की जगह मत पेटियों के जरिए होगा। उम्मीद है कि आज नामांकन की संख्या बढ़ेगी। पहले दिन नगर पंचायत कोट ईसे खान में 3, नगर परिषद जीरा में 5, नगर परिषद मालेरकोटला में 1 तथा नगर पंचायत भिखीविंड में 1 नामांकन दाखिल किया गया।
उम्मीदवार को चुनाव अधिकारी के कार्यालय में पहुंचकर आवेदन करना होगा। इसके बाद उनकी जानकारी वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। 18 मई को स्क्रूटनी होगी। सभी उम्मीदवारों को उस दिन चुनाव कार्यालय जाने की अनुमति होगी। इस दौरान वे रिटर्निंग अफसर के सामने अपने एतराज रख सकेंगे। यदि किसी उम्मीदवार का फार्म रिजेक्ट होता है तो उसकी जानकारी भी दी जाएगी। 19 मई नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख होगी।
105 जगह होंगे निकाय चुनाव
आठ नगर निगमों में चुनाव होंगे, इनमें मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट शामिल हैं। इसके अलावा 76 नगर परिषद और 21 नगर पंचायतों में भी चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव के लिए 3977 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सभी चुनाव शहरी क्षेत्रों में होंगे।
36 लाख वोटर करेंगे मतदान
प्रशासन ने शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव करवाने की तैयारी की है। कुल 36,72,932 मतदाता वोट करेंगे, जिनमें 18,00,990 पुरुष, 17.73 लाख महिलाएं और 226 अन्य मतदाता शामिल हैं। आज से आचार संहिता भी लागू हो गई है, इस संबंध में सरकार को पत्र भेजा जा रहा है। इसके बाद तबादलों पर रोक लग जाएगी।
पार्टी निशान पर लड़ सकेंगे चुनाव
राजनीतिक दल पार्टी निशान पर भी चुनाव लड़ सकेंगे। इसके लिए राजनीतिक पार्टियों को सूचित कर दिया गया है। नामांकन फॉर्म के साथ एफिडेविट भी जमा करवाना होगा। सारी जानकारी ऑनलाइन अपडेट की जाएगी, ताकि लोग उम्मीदवारों की प्रोफाइल देख सकें। इसके लिए एक अलग लिंक जारी किया जाएगा।

