चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय बहुत तेज गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार से (21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक) चार दिन हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर रातें भी गर्म रहेंगी। सोमवार की तुलना में तापमान में 0.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है और यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक पहुंच गया है। 21 जिलों का तापमान 35 डिग्री से अधिक चल रह है। सबसे अधिक तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया है। सेहत विभाग ने लोगों को गर्मी से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है, जिसमें खाने पीने से लेकर गर्मी से बचने के टिप्स दिए गए हैं। इसके अलावा अस्पतालों में स्पेशल वार्ड बनाए गए हैं और 24 घंटे स्टाफ तैनात किया गया है।
7 जिलों में हीटवेव की संभावना
पंजाब के लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और पटियाला में अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं। धूप सुबह से ही तेज हो जाएगी, जबकि हीटवेव का असर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सबसे ज्यादा रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल से एक्टिव होगा
पश्चिमी विक्षोभ इस समय जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर समुद्र तल से लगभग 3.1 किमी की ऊंचाई पर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। पहाड़ों से तेज हवाएं चल रही हैं, जिनकी गति करीब 110 नॉट्स है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।

