पंजाब-चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा हुआ है। पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। मोहाली में पेट्रोल का रेट सबसे ज्यादा ₹103.39 पहुंच गया है। इससे पहले 15 मई और 19 मई को भी दाम बढ़ाए गए थे। यानी महज 9 दिनों के भीतर तीसरी बार लोगों को महंगे ईंधन का झटका लगा है। चंडीगढ़ में पेट्रोल अब ₹98.93 रुपए प्रति लीटर और डीजल ₹86.93 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। 15 मई से पहले डीजल ₹82.45 रुपए प्रति लीटर था, जो अब लगभग 4 रुपए तक महंगा हो चुका है। हिमाचल के शिमला में भी तेल कीमतों में इजाफा हुआ। पेट्रोल अब 100 रुपए 14 पैसे प्रति लीटर और डीजल 92 रुपए 17 पैसे प्रति लीटर हो गया है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ता है। शहर में टैक्सी, ऑटो और माल ढुलाई के किराए बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सब्जियों, राशन और रोजमर्रा की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते फ्यूल रेट से माल ढुलाई की लागत बढ़ रही है।
क्या अभी और बढ़ेंगे दाम?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि पेट्रोल-डीजल में ₹3 की यह बढ़ोतरी काफी नहीं है। अपना घाटा पूरी तरह खत्म करने और ‘ब्रेक-ईवन’ यानी नो प्रॉफिट-नो लॉस की स्थिति में आने के लिए इन कंपनियों को अभी पेट्रोल के दाम ₹28 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹32 प्रति लीटर तक बढ़ाने की जरूरत है। फिलहाल पेट्रोल पर 29.5% और डीजल पर 36.5% की कमी बनी हुई है। अगर ईरान जंग के कारण ग्लोबल एनर्जी मार्केट में सप्लाई इसी तरह प्रभावित रही, तो आने वाले दिनों में और भी इजाफा देखने को मिल सकता है।

