चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी बढ़ रही है। आने वाले 7 दिन मौसम ड्राई रहने की संभावना है। हालांकि, गत 24 घंटे में कई इलाकों में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के तापमान में 2.3 डिग्री की कमी आई है। अब यह सामान्य के करीब बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान 38.4 डिग्री फरीदकोट में दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ के तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। दूसरी तरफ फाजिल्का के जलालाबाद में गेहूं की फसल को आग लग गई। करीब 15 एकड़ फसल का नुकसान हुआ है। शार्ट सर्किट आग लगन की वजह से बताई जा रही है।
अमृतसर में बारिश रिकॉर्ड
गत 24 घंटे में बारिश की बात करें तो केवल अमृतसर में बहुत हल्की बारिश (ट्रेस) रिकॉर्ड की गई, जबकि बाकी सभी जिलों में मौसम पूरी तरह सूखा रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। हालांकि, बादल रहने की वजह से तापमान में कमी आई है। शनिवार को किसी तरह की बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, 19 अप्रैल को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना बनी हुई है।

