पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस को BJP ने फिर बड़ा झटका दिया है। पंचकूला में साल 2006 से 2007 तक नगर परिषद चेयरमैन रहीं मनवीर कौर गिल को सीएम नायब सैनी ने BJP जॉइन करवाई। वे साल 2014 में कालका से कांग्रेस प्रत्याशी भी रहीं हैं। सेक्टर-5 में धरनास्थल एरिया में BJP की ओर से जनसभा का आयोजन किया गया। मुख्य तौर पर वार्ड 12 के प्रत्याशी राकेश जगोता के लिए सभा हुई थी। हालांकि वार्ड 6 के प्रत्याशी और पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता के पौत्र पार्थ गुप्ता भी सभा में शामिल रहे। इसी दौरान बतौर मुख्यातिथि पहुंचे सीएम नायब सैनी ने मनवीर कौर गिल को पटका पहनाकर BJP जॉइन करवाई। कार्यक्रम के दौरान सीएम के साथ महिला वर्कर सेल्फी के लिए प्रयास करते हुए नजर आईं।
217 में से 63 वादे पूरे किए
हरियाणा में नायब सैनी सरकार ने जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 वादों में से 63 वादे पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि चुनाव के समय हिमाचल में कांग्रेस ने 1500 और पंजाब में आम आदमी पार्टी ने 1000 रुपए महिलाओं को देने के वादे किए थे, लेकिन कोई वादा पूरा नहीं हुआ।वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं को जो वादा किया वह पूरा किया। आज महिलाओं को 2100 रुपए की आर्थिक सहायता मिल रही है।

