कालका, पंचकूला: पंचकूला पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए लाखों रुपए के जेवर और 10 हजार की नकदी भी बरामद की है। यह मामला 25 अप्रैल को गांव अलीपुर निवासी रणजीत सिंह ने पुलिस चौकी रामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि देर रात करीब 1:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुस गया और अलमारी से सोने का मंगल सूत्र, झुमके, अंगूठी, चांदी के कंगन, पायल तथा लगभग 20 हजार रुपए नकद चोरी कर फरार हो गया। इस शिकायत के आधार पर थाना चंडी मंदिर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी को दो दिन की रिमांड पर लिया
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में गहन जांच और तकनीकी विश्लेषण किया। इसके परिणामस्वरूप, आरोपी रामशरण उर्फ सन्नी, निवासी अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया, पंचकूला को गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 2 दिन का पुलिस रिमांड मिला। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। आरोपी को अब न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डीसीपी अमरिंदर सिंह ने स्पष्ट किया कि पंचकूला जिले में अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।

