पंचकूला: हरियाणा के पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला और CIA इंचार्ज के बीच हुए विवाद को लेकर सोमवार को पंचकूला में जननायक जनता पार्टी (JJP) ने मीटिंग की। मीटिंग में फैसला हुआ कि 27 अप्रैल को हिसार में ‘छात्र हित महापंचायत’ की जाएगी। दुष्यंत चौटाला ने कहा- इस पूरे मामले को लेकर मैंने DGP से कई बार संपर्क करने की कोशिश की। मैंने लगातार 3-4 दिन कॉल किए, जब बात नहीं हो पाई तो मैसेज भी किया, लेकिन जवाब देने के बजाय मेरा नंबर ब्लॉक कर दिया गया। विवाद 17 अप्रैल को हिसार में हुआ था। दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला GJU केस में गिरफ्तारी देने के लिए SP ऑफिस जा रहे थे। दुष्यंत ने आरोप लगाया कि रास्ते में CIA इंचार्ज पवन कुमार ने काफिला रोककर हथियार तान दिया और उन्हें गाड़ी से कुचलने की कोशिश की।

लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे
दुष्यंत चौटाला ने कहा, “यह विरोध केवल एक घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में छात्रों और आम जनता के साथ हो रहे व्यवहार के खिलाफ एक सामाजिक आंदोलन के रूप में सामने आएगा। हरियाणा पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापक असंतोष है और पार्टी इसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।”
पुलिस-सरकार से नहीं डरेंगे
दुष्यंत ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार और पुलिस के डराने से हम बिल्कुल नहीं डरेंगे। हम लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएंगे। हिसार में प्रस्तावित यह महापंचायत बड़े स्तर पर आयोजित की जाएगी, जिसमें छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

