जालंधर: जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के पास धमाका हुआ। जिसकी आवाज करीब 1 किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। जिस एक्टिवा स्कूटी में विस्फोट हुआ, वह कथित तौर पर एक फ्लिपकार्ट डिलीवरी कर्मी की बताई जा रही है। वह शाम करीब 8:15 बजे स्कूटी खड़ी कर BSF हेडक्वार्टर के अंदर पार्सल देने गया था, इसी दौरान पीछे स्कूटी में विस्फोट हो गया। सूत्रों का कहना है कि स्कूटी में रखे किसी विस्फोटक के फटने की आशंका है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, BSF हेडक्वार्टर के साथ गुरुनानकपुरा जाने वाली सड़क पर स्थित सब्जी मंडी में उस समय लोग खरीदारी कर रहे थे। अचानक तेज आवाज सुनकर लोग सहम गए और कुछ देर तक स्थिति को समझ नहीं पाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां और बीएसएफ के जवान भी मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जा सकेगी।

