चंडीगढ़: पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता एवं एक्टर योगराज सिंह के खिलाफ चंडीगढ़ में केस दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ चंडीगढ़ के 2 एडवोकेट ने पुलिस को शिकायत दी थी। एडवोकेट ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो क्लिप को इसका आधार बनाया है। उनका आरोप है कि वीडियो में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। इसमें योगराज सिंह कह रहे हैं- जनानी दिन में चूल्हे पे, रात को @#$% पे।

शिकायतकर्ताओं ने एसससपी से मांग की थी कि योगराज सिंह और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। यह महिलाओं के सम्मान और अधिकारों का हनन है। जिसके बाद गुरुवार को सेक्टर 36 के पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई। गुरुवार को इस मामले में पंजाब महिला आयोग की भी एंट्री हुई। आयोग ने पंजाब पुलिस को लेटर लिखकर सीनियर अधिकारी से जांच करवाने के लिए कहा। यह वीडियो क्लिप अमेजन प्राइम वीडियो पर 8 मई 2026 को रिलीज हुई हिंदी वेब सीरीज लुक्खे के एक एपिसोड से काटी गई है। इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है और इसी वेब सीरीज में बोले गए डायलॉग को आधार बनाकर दोनों एडवोकेट ने योगराज सिंह और अन्य के खिलाफ शिकायत दी है। इस पर अभी योगराज सिंह ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

