गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर-34 स्थित नगर निगम (MCG) कार्यालय और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। धमकी भरा मेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता तुरंत सेक्टर-34 स्थित मुख्यालय पहुंचे। एहतियात के तौर पर पूरे सरकारी परिसर को खाली करा लिया गया और कर्मचारियों के साथ-साथ वहां काम से आए आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसमें निगम दफ्तर और मेयर कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई। धमकी खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से दी गई और कहा गया कि हरियाणा को खालिस्तान बनाएंगे। हम दरबार साहिब का बदला लेंगे।

- हरियाणा खालिस्तान बनेगाः थ्रेट मेल “खालिस्तान नेशनल आर्मी” के नाम से जारी किया गया है। मेल में सबसे पहले लिखा गया – हरियाणा बनेगा खालिस्तान। हिंदू मंदिर निशाने पर हैं। गुरुग्राम मेयर और नगर निगम कार्यालय में दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच आईईडी धमाके होंगे।
- ट्रेन में धमाके की चेतावनीः चंडीगढ़, अंबाला और दिल्ली के बीच 5-6 जून 9:11 बजे रेलवे ट्रैक पर आईईडी धमाकें करने की धमकी दी गई। लोगों को अपने बच्चों को बचाने और यात्रा न करने की चेतावनी भी दी गई है।
- बदला, बदला, बदलाः थ्रेट मेल में बदला, बदला, बदला लिखकर दावा किया गया है कि दिल्ली और हरियाणा के लोगों ने भिंडरांवाले के मौत के दिन मिठाइयां बांटी थीं, इसलिए 6 जून को बदला लेने की बात कही गई। 6 जून 1984 को अमृतसर स्थित दरबार साहिब में भारतीय सेना की कार्रवाई का इसमें हवाला दिया गया।

