जयपुर: जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके को 2 युवकों ने थप्पड़ मारे हैं। इसके बाद पार्टी के समर्थकों ने थप्पड़ मारने वाले उन दोनों युवकों को पकड़कर पीट दिया। अभिजीत सोमवार को नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने आए। प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग शहीद स्मारक पर जुटे। अभिजीत की अगुवाई में प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शन के दौरान कुछ युवकों के बीच नारेबाजी को लेकर विवाद हो गया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। वहीं, धरना स्थल पर कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल चोरी हो गए। इसके बाद मंच से लोगों को अपने मोबाइल और सामान की सुरक्षा करने की अपील की गई। प्रदर्शन में शामिल युवा ‘मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है’ और ‘पेपर लीक बंद करो’ जैसे नारे लिखे पोस्टर और तिरंगा लेकर पहुंचे। कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए। प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक के गेट पर कॉकरोच की तस्वीर बनाई और ‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो’ का नारा लिखा।

