नई दिल्ली: कड़ाके की ठंड झेल रहे उत्तर भारत के लोगों के लिए एक और बुरी खबर सामने आ रही है। मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया ने ट्विट कर कहा- 14 से 19 जनवरी के बीच कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। 16 से 18 जनवरी तक ठंड का चरम रह सकता है। इतना ही नहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पारा माइनस 4 डिग्री तक जा सकता है। उन्होंने यह दावा किया है कि दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली और इसके पड़ोसी राज्यों में शनिवार से शीतलहर की आशंका है।
IMD ने इस हफ्ते उत्तर-पश्चिमी भारत के लोगों को ठंड से मामूली राहत मिलने की बात कही थी। साथ ही कहा था कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार तक उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, पर IMD ने उसके बाद राष्ट्रीय राजधानी में बर्फीली ठंड के एक ताजा दौर की चेतावनी दी है।
IMD के मौसम वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी यूपी और उत्तरी राजस्थान में भी अगले कुछ दिनों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर समेत हिमालयी राज्यों और खासकर कश्मीर में 12 जनवरी को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 11 से 14 जनवरी के बीच हिमाचल और उत्तराखंड में भी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।