रोहतक में 9 नवंबर को जहर खाने से एक नाबालिक लड़की की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतका की मां, मामा और नानी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आपको बता दें, मृतका अपनी मां के साथ अपने नानी के घर रहती थी। वहीं मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और उसके घर वाले पैसों के लिए उसकी बेटी को बेचना चाहते थे। पिता ने बताया पैसों के लालच में उसकी बड़ी उम्र के व्यक्ति के साथ शादी कराने का दबाव बना रहे थे। जब बेटी ने शादी के लिए मना किया तो मां, मामा और नानी ने उसे जहर पिला दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव लाखनमाजरा निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसकी शादी सन् 2004 में गांव बलियाना निवासी सुशीला के साथ हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। पत्नी के साथ उसकी अनबन थी। जिस कारण से उसकी पत्नी उसे छोड़कर तीनों बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई। वहीं अशोक ने बताया कि उसकी पत्नी बच्चों से बातचीत भी नहीं होने देती।
अशोक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी सुशीला, सास बेदो देवी और साला संदीप ने मिलकर उसकी बेटी की शादी पैसों में करवा रहे थे। पैसे को लेकर किसी बड़े उम्र के व्यक्ति से शादी करने का दबाव बेटी पर बना रहे थे। लेकिन लड़की ने उनकी एक बात नहीं मानी और इस बात का विरोध भी किया। मृतका की मां, मामा और नानी ने मिलकर 8 नवंबर को उसे जबरन जहर पिला दिया। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां 10 नवंबर को उसकी मौत हो गई। जिसके बाद अशोक की बड़ी बेटी ने पिता के पास फोन करके इसकी सूचना दी।
अशोक कुमार ने बताया कि वह अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए पिछले 2 महीनों से चक्कर काट रहा है। अधिकारियों से मिल चुका है। यहां तक कि एसपी से भी दो-तीन बार मिल चुका है। तब जाकर एफ आई आर दर्ज हुई। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो और उसकी बेटी को न्याय दिलाया जाए।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टरों ने भी जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत बताई है। हालांकि स्पष्ट कारणों का पता रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। फिलहाल पिता के बयान पर केस दर्ज कर लिया हैं। जिसके आधार पर उस मृतका की मां, मामा और नानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।