कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र में सोमवार की शाम करीब करीब सवा छह बजे कार सवार दो युवक ने एसएचओ की गाड़ी को टक्कर मार दी। SHO की गाड़ी को टक्कर मारकर भागे युवकों की ब्लैक स्कॉर्पियो को पुलिस ने कब्जे में लिया गया है। पुलिस इस स्कॉर्पियो में सवार दोनों युवकों की तलाश कर रही है। पुलिस को इस ब्लैक स्कॉर्पियो के करनाल के बड़ा गांव में हुई फायरिंग मामले में शामिल होने का शक है। घटना के बाद पूरी पुलिस फोर्स एक्टिव हो गई। हालांकि पुलिस को गाड़ी की तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध चीज बरामद नहीं हुई है, लेकिन पुलिस गाड़ी में सवार दोनों युवकों पर शक जता रही है, क्योंकि दोनों युवक नाका तोड़कर फरार हुए थे। पुलिस ने गाड़ी में सवार दोनों युवकों की पहचान कर ली है। साथ ही गाड़ी मालिक से पूछताछ चल रही है।

फायरिंग में शामिल होने का शक
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली कि करनाल के बड़ा गांव में हुई फायरिंग के बाद शामिल स्कॉर्पियो समेत 3-4 ब्लैक कलर की गाड़ियां अंबाला और कुरुक्षेत्र की तरफ भागी हैं। इस सूचना पर पुलिस ने शहर में कई जगह नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस संदिग्ध गाड़ियों की तलाशी ले रही थी।
चौक पर पुलिस नाका तोड़ा
इसी दौरान मोहन नगर चौक पर पुलिस ने संदिग्ध ब्लैक स्कॉर्पियो को रोकने का इशारा किया। ड्राइवर ने पहले गाड़ी स्लो की, लेकिन फिर अचानक स्पीड बढ़ा दी। एक पुलिसकर्मी ने साइड में होकर अपनी जान बचाई। ड्राइवर ने गाड़ी को मोहन नगर फ्लाईओवर की ओर भगा लिया। इसी दौरान पुलिस ने तुरंत उस गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया।
SHO की गाड़ी को टक्कर मारी
रेलवे रोड पर पुलिस ने अपनी गाड़ी को उस स्कॉर्पियो के आगे लगाया तो ड्राइवर टक्कर मारकर भाग गया। इस दौरान पुलिस की दूसरी गाड़ी उसका पीछा करने लगी। ड्राइवर उस गाड़ी को सेक्टर-17 की मार्केट में छोड़कर भाग गया। इससे पहले उन्होंने गाड़ी की चाबी अस्पताल में भर्ती युवक को पकड़ा दी।
