लंबे समय तक एक ही स्थान पर ड्यूटी देने वाले पुलिस कर्मियों के लिए अब लंच और डिनर का मौके पर ही इंतजाम होगा। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी को आदेश जारी कर दिए हैं। सब लंबे समय तक ड्यूटी देने वाले पुलिस कर्मियों के लिए बड़ी राहत मिलेगी।
गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि अक्सर देखने में आया है कि पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आंदोलन या किसी अन्य कार्यक्रम के दौरान लंबे समय तक वहां डयूटी करनी पड़ती है, जिसे छोड़ वह खाना खाने थाने या किसी अन्य जगह नहीं जा पाते, जिस कारण से ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
गृहमंत्री अनिल विज ने बताया कि उन्होंने इस बारे में राज्य के गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अब ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को विभाग द्वारा मौके पर ही खाना उपलब्ध किया जाएगा। इस संबंध में अब आवश्यक कार्यवाही शीघ्र की जाएगी।

