करनाल की बंसीवाला गौ सेवा धाम में 45 गायों की मौत के बाद हडकंप मच गया। बताया जा रहा है कि सभी गायों ने जहरीला चारा खा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टरों की टीम को मौके पर बुलाया गया। गौशाला के प्रधान राकेश ने बताया कि हर रोज की तरह वह घास मंडी से गायों के लिए चारा मंगवाते थे। मंडी में महेन्द्र नाम का आढ़ती है। उसी से गौशाला में गायों के लिए चारा आता है। कल शाम को वहीं से चारा लाया गया था और रात को सेवादारों ने उसी चारे को इन 45 गायों को डाला था। सुबह जब देखा तो सभी गायों की मौत हो चुकी थी।