चंडीगढ़: दिल्ली के ‘किताब लवर्स’ द्वारा लाजपत राय भवन, सेक्टर 15 में एक पुस्तक मेला ‘लोड द बॉक्स’ का आयोजन किया गया है। पुस्तक मेले में ट्राईसिटी के पुस्तक प्रेमी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जहां 20 से अधिक तरह की 10 लाख से ज्यादा नई व पुरानी किताबें प्रदर्शित की गई हैं। मेला 16 अप्रैल (रविवार) तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। ‘किताब लवर्स’ पुस्तक मेले को जो बात खास बनाती है, वो है इसका अनूठा ‘लोड द बॉक्स’ कॉन्सेप्ट, जिसमें मेले में आने वाले पाठक एक बॉक्स के लिए एकमुश्त भुगतान कर सकते हैं और बॉक्स में जितनी किताबें आ सकती हैं, उतनी भर सकते हैं। ये बॉक्स 1199 रुपए से लेकर 2999 रुपए तक तीन साइजों में उपलब्ध हैं।
सोशल मीडिया के युग में पढ़ने की आदत में कमी के बारे में पूछे जाने पर, ‘किताब लवर्स’ के सह-संस्थापक राहुल पांडे ने उत्तर दिया, “मुझे नहीं लगता कि बहुत अधिक कमी आई है! समय के साथ, डिजिटल रीडिंग विकल्पों के चलते प्राथमिकता बदल सकती है। लेकिन अभी भी छपी हुई किताबों के लिए पर्याप्त बाजार है और डिजिटल मीडिया की मौजूदगी के बावजूद किताबें खूब पढ़ी जा रही हैं। इसके पीछे कारण यह है कि पाठकों का एक बड़ा तबका अभी भी छपी हुई किताबें ही पढ़ना पसंद करता है, क्योंकि इनको स्पर्श करने और अनुभव करने की सहूलियत होती है। किंडल अथवा मोबाइल पर डिजिटल किताबें लंबे समय तक पढ़ने से आंखों पर जोर पड़ता है, जबकि असली किताब पढ़ने पर ऐसा कुछ महसूस नहीं होता है।”
शहर में दूसरी बार पुस्तक मेला आयोजित करने को लेकर उत्साहित पांडे ने कहा, ”चंडीगढ़ में दोबारा आकर हमें खुशी हो रही है। इस बार हम हर आयु वर्ग के पाठकों के लिए कम दामों पर पुस्तकों की एक विस्तृत रेंज लेकर आए हैं। क्राइम और थ्रिलर से लेकर बेस्टसेलिंग फिक्शन और नॉन-फिक्शन, रोमांस और एनसाइक्लोपीडिया आदि सभी प्रकार की किताबें आपको एक ही छत के नीचे मिल जाएंगी।”
उल्लेखनीय है कि शहर के करीब चार लेखकों ने पुस्तक मेले में अपनी किताबें प्रदर्शित की हैं। इनमें से एक, राधिका आनंद ने पुस्तक मेले में अपने प्रथम काल्पनिक रोमांटिक उपन्यास ‘लव ऑर रुइंड’ प्रदर्शित की है। उन्होंने कहा, “मेरे जैसे नवोदित लेखकों के लिए यह एक शानदार अवसर है। मैं ‘किताब लवर्स’ की आभारी हूं जिन्होंने मुझे अपना काम एक विशाल पाठक समूह के सामने लाने हेतु एक मंच प्रदान किया। यह पहल हमें स्थानीय पाठकों के साथ बातचीत करते हुए उनकी पसंद को समझने की सहूलियत देती है और लेखकों को पहचान भी प्रदान करती है।”
यह बताना भी ज़रूरी है कि 2019 में अपनी स्थापना के बाद से, ‘किताब लवर्स’ ने संपूर्ण भारत के 20 शहरों में 50 से अधिक पुस्तक मेलों की मेजबानी की है। अपने ‘लोड द बॉक्स’ अभियान के माध्यम से ‘किताब लवर्स’ एक महत्वाकांक्षी मिशन पर है, जो है प्रत्येक भारतीय के लिए किताबों को सस्ता और सुलभ बनाना और पूरे देश में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देना।
