हिसार: भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) बनने के बाद जस्टिस सूर्यकांत शुक्रवार को पहली बार हरियाणा आ रहे हैं। वह दो दिन हिसार व हांसी जिलों में रहेंगे। उनके सम्मान में राज्य सरकार हिसार में स्टेट डिनर भी दे रही है। इस डिनर में सेंट्रल लॉ मिनिस्टर अर्जुनराम मेघवाल, मुख्यमंत्री नायब सैनी, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायधीश समेत अन्य जज शामिल होंगे। इससे पहले वह हांसी और हिसार बार के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। हिसार बार में वह खुद प्रैक्टिस कर चुके हैं। 1984 में वे हिसार बार के मेंबर बने थे। उनका आत्मीय जुड़ाव बार से है। इसलिए उन्होंने अपने टूर का पहला प्रोग्राम बार में ही रखा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जस्टिस सूर्यकांत शुक्रवार दोपहर 3 बजे हिसार एयरपोर्ट से हांसी के श्रीकृष्ण प्रणामी स्कूल परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर हेलिकॉप्टर से उतरेंगे। वहां एडीजे गगनदीप उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद रेस्ट हाउस में हाई-टी प्रोग्राम होगा। जस्टिस सूर्यकांत हांसी न्यायालय परिसर में आयोजित बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वे अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों से संवाद करेंगे। मुख्य न्यायाधीश और उनकी पत्नी हांसी कोर्ट परिसर में ‘कदम्ब’ के दो पौधे भी रोपेंगे। सीजेआई का ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा।

