हिसार: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई ने एक बार फिर सियासी सक्रियता बढ़ाई है। कुलदीप प्रदेश की राजनीति में कुछ बड़ा करने जा रहे हैं। इसके संकेत उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दिए। दरअसल, 2 दिसंबर को उनकी पुरानी पार्टी हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) का स्थापना दिवस होता है। कुलदीप बिश्नोई ने पोस्ट शेयर कर लिखा, “2 दिसंबर मेरे जीवन का वह दिन है जिसे शब्दों में बांध पाना आसान नहीं। यह तारीख मेरे दिल में हमेशा एक भावुक स्मृति बनकर रहती है।”
कुलदीप बिश्नोई अभी भाजपा में है और प्रदेश में बड़ी रैली की तैयारी कर रहे हैं। रैली की तारीख की घोषणा हालांकि नहीं की है, मगर उन्होंने संकेत दिए हैं कि नए साल की शुरुआती महीनों में यह रैली कर सकते हैं। ऐसे में रैली से पहले उन्होंने इमोशनल पोस्ट कर समर्थकों को एकजुट करने का प्रयास किया है। 9 अप्रैल 2026 को हरियाणा से भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल खत्म हो रहा है। सियासी हलकों में चर्चा है कि उससे पहले कुलदीप बिश्नोई शक्ति प्रदर्शन करने के मूड में हैं। बिश्नोई के बाद भाजपा में आईं किरण चौधरी को पहले ही पार्टी राज्यसभा में भेज चुकी है।

