लुधियाना: महिला के साथ पंजाब पुलिस के ASI द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला ने ASI के खिलाफ पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी है। आपको बता दें, पुलिस ने संगरूर के रहने वाले आरोपी ASI सुखविंदर सिंह के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति काफी समय से बीमार है। इसी बीच उसकी मुलाकात ASI सुखविंदर सिंह से हुई, जिसने उसे अपने झांसे में ले लिया और उसके साथ बातें करने लगा। इसी दौरान ASI सुखविंदर सिंह उसके घर आने-जाने लगा। महिला ने बताया कि आरोपी ने उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील फोटो व वीडियो भी बनाई। वहीं, पीड़िता का आरोप है कि वह इस दौरान गर्भवती भी हुई। आरोपी सुखविंदर ने उसे गर्भपात करवाने के लिए कहा तो महिला ने मना कर दिया। आरोपी सुखविंदर ने उसकी अश्लील फोटो व वीडियो उसके पति व रिश्तेदारों को वायरल करने की धमकी देकर जबरन उसका गर्भपात करवा दिया। पीड़िता ने बताया कि उसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म करता रहा। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है की आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।