SYL मामले में पंजाब CM भगवंत मान और हरियाणा CM मनोहर लाल खट्टर के बीच दिल्ली में हुई मीटिंग बेनतीजा रही। CM भगवंत मान ने पंजाब का पक्ष मजबूती से रखा और प्रदेश के पास अतिरिक्त पानी नहीं होने की बात दोहराई। CM भगवंत मान ने कहा कि हरियाणा को सतलुज से पानी नहीं दिया जा सकता, क्योंकि यह अब कहने मात्र का दरिया रह गया है। उन्होंने SYL की बजाय YSL बनाने की बात कही, जिससे कि यमुना से सतलुज को पानी दिया जा सके। CM भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार की तर्ज पर पंजाब सरकार भी सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष मजबूती से रखेगी। पंजाब सरकार प्रदेश की मौजूदा स्थिति में सुप्रीम कोर्ट को अवगत कराएगी। CM मान ने पंजाब के पास अतिरिक्त पानी ने होने की बात कहते हुए बताया कि प्रदेश का भू-जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है।
आपको बता दें, सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर दोनों CM के बीच यह मध्यस्थता मीटिंग केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में हुई. लेकिन केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत दोनों CM के बीच सहमति नहीं बनवा सके।