हिसार: हरियाणा के हिसार में हुड़दंग का विरोध करने पर एक सब इंस्पेक्टर की ईंट और डंडों से पीट- पीटकर हत्या कर दी। वारदात गुरुवार रात 11:30 बजे हुई। वारदात के बाद आरोपी मौके पर कार और 2 दोपहिया वाहन छोड़कर भाग गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि गली के बाहर कुछ युवक हुड़दंग कर रहे थे। शोर शराबा सुनकर एसआई घर से बाहर निकले और युवकों को रोक कर भगा दिया। कुछ देर बाद युवक दोबारा वापस आए और एसआई की लाठी-डंडों से वार कर हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस ने आरोपियों के वाहनों को कब्जे में ले लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई है, जो लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने एक आरोपी काे हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। एसपी इस मामले में दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।

उधर, अचानक हुई इस वारदात से परिवार में दहशत है। बताया गया है कि एसआई एडीजीपी ऑफिस में तैनात थे और उनकी अगले साल जनवरी में ही रिटायरमेंट होनी थी। एसआई के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा हिमाचल में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है, एक बेटी गुरुग्राम में जॉब करती है। सबसे बड़ी बेटी शादीशुदा है। वारदात के समय घर पर सिर्फ पत्नी थी।
- एडीजीपी ऑफिस में 10 साल से तैनात थे : मृतक की पहचान 57 वर्षीय सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार के रूप में हुई। वे एडीजीपी ऑफिस में 10 साल से तैनात थे और ढाणी श्यामलाल की गली नंबर-3 में परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार के कई अन्य लोग भी पुलिस विभाग में कार्यरत हैं।
- रात साढ़े 10 बजे हुड़दंग हो रहा था : परिवार के मुताबिक गुरुवार की रात 10:30 बजे कुछ युवक हुड़दंग और गाली गलौज कर रहे थे। उस वक्त रमेश कुमार भी घर पर ही थे। शोर शराबा होने पर रमेश घर से बाहर निकले और युवकों को डांट लगाते हुए हुड़दंग करने से रोका। रमेश की डांट सुनकर युवक वहां से चल गए।
- एक घंटे बाद फिर आए युवक : परिवार के मुताबिक, एक घंटे बाद युवक कार और दोपहिया वाहनों से दोबारा वापस आए और रमेश के घर के सामने गाली गलौज करना शुरू कर दिया। रमेश एक बार फिर घर से बाहर निकले और युवकों को रोका तो उन्होंने डंडों-ईंटों से उन पर हमला कर दिया। रमेश घायल होकर गिर गए।

