चंडीगढ: पंजाब में मोहाली जिले के खरड़ से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक अनमोल गगन मान ने खुद की ईमानदारी का दावा ठोका है। खरड़ में एक कार्यक्रम के दौरान MLA अनमोल ने कहा कि कोई बांह निकालकर कह दे कि मेरे घर इनसे कोई अठन्नी भी आई है तो मेरे इंसान होने पर लानत है। मान ने इशारों में एक बिल्डर को लेकर कहा कि क्या फायदा ऐसी धन-दौलत और कमाई का, जो जेल में बैठना पड़ा। रात को नींद न आए। मान पहले मशहूर पंजाबी सिंगर व एक्टर रह चुकी हैं। इसके बाद वह 2022 में खरड़ से पहली बार विधायक चुनी गईं। इसके बाद वह पंजाब में मंत्री भी रहीं लेकिन फिर उन्हें हटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने विधायक पद और पार्टी से इस्तीफा दिया था लेकिन पार्टी के मनाने पर वह फिर लौट आईं।

विधायक अनमोल की 3 अहम बातें…
- मेरे घर किसी की आधी रोटी नहीं आई: अनमोल गगन मान ने कहा- यहां के बिल्डर्स के बहुत सारे मुलाजिम आए हुए हैं। कोई बांह निकालकर कह दे कि मेरे घर में इनके पास से कोई अठन्नी भी आई है। सारे MLA ने इनसे पैसे लिए हैं। अठन्नी का भी ये दावा कर दें, या इनके घर की आधी रोटी भी मेरे घर आई है तो मेरे इंसान होने पर लानत है।
- लोगों से धोखा करना बंद करो: अनमोल गगन मान ने कहा- मैंने पहले दिन से आपसे वादा किया था कि मैं लोगों के साथ खड़ी होऊंगी। आपके साथ ही खड़ी हूं। जिस दिन हमारी सरकार आई, पैसे लेने वाले अंदर हैं, हमने उन्हें बाहर नहीं आने दिया। लोगों से धोखा करना बंद करो। काम उतना करो, जितना हजम हो जाए।
- मेन बिल्डर जेल में बैठा: मान ने कहा- इतनी धन-दौलत, कमाई का क्या फायदा कि सारे परिवार को डर लगता है। जो आपका मेन बिल्डर है, वह जेल में बैठा है। इतनी माया, धन-दौलत इकट्ठी करने का क्या फायदा है, जो आपको जेल में फेंक दे। जो आपको रात को सोने न दे। नींद की गोलियां खाकर भी नींद न आए। जहां सारा दिन यही प्लान करना पड़े कि कोर्ट के केसों से कैसे निपटना है। ऐसे पैसे का कोई फायदा नहीं होता। कम खा लो लेकिन सुकून से खाओ।

