पंचकूला: पंचकूला जिले में पुलिस ने अवैध खनन माफियाओं पर नकेल कसने के लिए नई रणनीति अपनाई है। अमरावती क्षेत्र के बुर्जकोटियां के पास नदी में चल रहे अवैध खनन का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। 29 मई की शाम को अमरावती पुलिस चौकी को बुर्जकोटियां के पास नदी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। आमतौर पर सरकारी गाड़ियों और वर्दी को देखकर खनन माफिया मौके से फरार हो जाते हैं, इसलिए अमरावती चौकी इंचार्ज सब- इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह ने एक विशेष रणनीति बनाई।
बिना किसी शोर-शराबे के की घेराबंदी
उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए स्थानीय लोगों से एक साधारण बाइक ली और अपने साथी पुलिसकर्मी के साथ सादे कपड़ों में रेड करने निकले। चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह की यह तरकीब सफल रही। उन्होंने बिना किसी शोर-शराबे के मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अवैध खनन सामग्री से लदे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया, जबकि खनन करने वाला फरार हो गया। वाहन को तुरंत अमरावती पुलिस चौकी लाया गया और माइनिंग विभाग को सूचना देकर सीज कर दिया गया। पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने इस कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना की है।

