चंडीगढ़: गुरुग्राम का ट्रैफिक सुधारने से लेकर सोनीपत में बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने तक… हरियाणा के 4 आईएएस अधिकारियों की कार्यशैली अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। फेम इंडिया और एशिया पोस्ट के सर्वे में देश के टॉप-100 जिलाधिकारियों की सूची में हरियाणा के 4 अफसरों ने जगह बनाई है। इनमें गुरुग्राम के डीसी अजय कुमार, फरीदाबाद के डीसी आयुष सिन्हा, सोनीपत की डीसी नेहा सिंह और पंचकूला के डीसी सतपाल शर्मा शामिल हैं। इन अधिकारियों को प्रशासनिक सुधार, ट्रैफिक मैनेजमेंट, शिक्षा व्यवस्था, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जनसुनवाई जैसे मानकों पर बेहतर काम के लिए चुना गया है।

गुरुग्राम के ट्रैफिक को सरल किया
अजय कुमार हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों में शामिल हैं। गुरुग्राम जैसे कॉर्पोरेट और तेजी से विकसित हो रहे जिले में प्रशासनिक कोर्डिनेशन, अरबन डेवलपमेंट और नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने पर उनका फोकस रहा है। अजय कुमार द्वारा गुरुग्राम में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की मॉनिटरिंग तेज की गई है। ट्रैफिक और शहरी समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय कोर्डिनेशन को बढ़ाया है। नागरिक सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने पर जोर दिया है। निवेश और उद्योगों के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाएं सरल बनाने की पहल की है।
पब्लिक डीलिंग में बनाई पहचान
आयुष सिन्हा वर्तमान में फरीदाबाद के डिप्टी कमिश्नर के तौर पर कार्यरत हैं। वे प्रशासनिक सुधार, शहरी प्रबंधन और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जाने जाते हैं। बतौर फरीदाबाद डीसी आयुष सिन्हा के द्वारा प्रशासनिक सेवाओं की मॉनिटरिंग मजबूत की गई है। शहरी विकास परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं में तेजी आई है। पब्लिक की शिकायतों के तुरंत निस्तारण पर फोकस कर रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े औद्योगिक और शहरी विस्तार के बीच प्रशासनिक संतुलन बनाने की पहल की है।
