न्यू चंडीगढ़: न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंदर सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज शाम साढ़े 7 बजे से सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच IPL 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। इसके लिए दोनों टीमें पहले ही मोहाली पहुंच चुकी हैं। मंगलवार देर शाम दोनों टीमों ने प्रैक्टिस भी की। प्रैक्टिस के बाद सनराइजर्स हैदराबाद टीम ने प्लेयर नीतीश कुमार रेड्डी और शिवांग कुमार का जन्मदिन भी मनाया। होटल में केक काटकर सभी खिलाड़ियों ने दोनों खिलाड़ियों को जन्मदिन की बधाई दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। इधर, मैच के चलते पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि घर से निकलने से पहले ट्रैफिक रूट और प्लान देख लें, ताकि कहीं जाम में न फंसना पड़े।

आम लोगों के लिए 5 और वीआईपी की 3 पार्किंग्स
मैच के चलते बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, जिस कारण इलाके में भारी ट्रैफिक और जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले पार्किंग और रूट प्लान की जानकारी जरूर देख लें। एडवाइजरी के मुताबिक, आम दर्शकों के लिए P4, P5, P6, P7 और P8 पार्किंग निर्धारित की गई है, जहां पहुंचने के लिए ओमैक्स राउंडअबाउट का रास्ता तय किया गया है। वीआईपी लोगों के लिए P1, P2 और P3 पार्किंग रखी गई है, जहां जाने के लिए मार्बल मार्केट लाइट से टोगन रोड का उपयोग करना होगा। P3 पार्किंग को खासतौर पर मीडिया, पीआईपी और दिव्यांग दर्शकों के लिए रिजर्व किया गया है।

