चंडीगढ़: चंडीगढ़ प्रशासन ने बकरीद (ईद-उल-जुहा) की सरकारी छुट्टी की तारीख बदल दी है। पहले यह अवकाश 27 मई 2026 को घोषित किया गया था, लेकिन अब 28 मई 2026 यानी गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। प्रशासन की ओर से जारी नई अधिसूचना में कहा गया है कि छुट्टियों की सूची में आंशिक बदलाव किया गया है। अब 28 मई को चंडीगढ़ प्रशासन के सभी सरकारी दफ्तर, बोर्ड, निगम, संस्थान और औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। बताया गया है कि चांद दिखने और त्योहार की संभावित तारीख को देखते हुए छुट्टी को एक दिन आगे बढ़ाया गया है। इस संबंध में गृह सचिव दिपर्वा लाकरा की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है। इसके अलावा पंजाब में जिला लेवल और चंडीगढ़ स्थित चुनाव दफ्तर का टाइम बदल गया है। यहां पहले वाले टाइम पर ही काम होगा।
पंजाब में भी हो चुका बदलाव
सोमवार को पंजाब में ईद की छुट्टी में बदलाव किया गया था। सरकार के नोटिफिकेशन के मुताबिक अब ईद की छुट्टी 28 मई को रहेगी। पहले ये छुट्टी 27 मई को घोषित की गई थी। सरकार के मुताबिक भारत सरकार की तरफ से किए संशोधन के बाद यह फैसला लिया गया है।
चुनाव दफ्तरों का पुराना समय ही रहेगा
इसी बीच पंजाब में चुनाव कार्यालय का समय बदला गया है। पहले गर्मी की वजह से इसे साढ़े 7 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक किया गया था। मगर, अब आयोग ने कहा कि उनका ऑफिस इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया के अधीन आता है। दिल्ली में कमीशन के कार्यालय की टाइमिंग सुबह 9 से शाम 5 बजे तक है। ऐसे में कई बार शाम 3 बजे के बाद मीटिंग भी होती हैं। इसके अलावा पंजाब में जल्द SIR शुरू होना है। इस वजह से ऑफिस का टाइम सुबह 9 से 5 बजे ही रहेगा। यह आदेश चंडीगढ़ स्थित आयोग के कार्यालय समेत जिलों में चुनाव तहसीलदारों के ऑफिस पर भी लागू होगा।

