पठानकोट: पंजाब में आज 8 नगर निगमों के लिए वोटिंग जारी है। इनमें बठिंडा, अबोहर, बटाला, बरनाला, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और मोहाली शामिल हैं। इनके अलावा 75 नगर कौंसिल और 20 नगर पंचायतों के लिए भी मतदान हो रहा है।

लुधियाना के रायकोट में वोटिंग के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। इसमें कांग्रेस वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। कांग्रेस का आरोप है कि AAP विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों ने कांग्रेस उम्मदीवार के हाथ-पैर तोड़ दिए हैं। वोटिंग EVM की जगह बैलेट पेपर से हो रही है। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। इस चुनाव में 7,555 कैंडिडेट चुनाव मैदान में हैं। 36.73 लाख वोटर मतदान करेंगे। चुनाव को लेकर पूरी सख्ती बरती गई है। राज्य चुनाव आयोग ने 9 चीजों को अंदर ले जाने पर रोक लगा दी है। यहां तक कि स्विच ऑफ मोबाइल भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। वोटिंग के चलते आज पंजाब के सरकारी छुट्टी है। इसके अलावा शराब बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। वोटिंग में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए 35 हजार पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।

