चंडीगढ़: चंडीगढ़ में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) सेक्टर-40 व सेक्टर 25 चितकारा इंटरनैशन स्कूल को धमकी मिलने के बाद पुलिस, बम स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली गई, लेकिन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बावजूद पुलिस ने एहतियात के तौर पर स्कूलों की सुरक्षा बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को खाली करवाकर जांच शुरू की गई। बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड ने स्कूल के हर हिस्से की तलाशी ली। कई घंटे चली जांच के बाद पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब चंडीगढ़ में इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी शहर के कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि हर बार जांच के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। सिर्फ स्कूल ही नहीं, पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट, जिला अदालत, सेक्टर-43 बस स्टैंड और पासपोर्ट ऑफिस को भी पहले ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इन मामलों में भी सुरक्षा एजेंसियों ने जांच और तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कहीं कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
पुलिस ने पहले गिरफ्तारी का किया था दावा
कुछ दिन पहले चंडीगढ़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया था कि ईमेल के जरिए धमकियां भेजने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना था कि आरोपी से पूछताछ के बाद कई अहम जानकारियां मिली थीं। इसके बावजूद शहर में लगातार धमकी भरे ईमेल आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बार-बार मिल रही धमकियों से अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में चिंता का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। शहर के संवेदनशील स्थानों और शिक्षण संस्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साइबर सेल की टीमें धमकी भरे ईमेल की जांच में जुटी हैं और मेल भेजने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

