चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ में आज भीषण गर्मी का अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 24 मई तक लू यानी हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। आज यानी 18 मई को पंजाब के 10 जिलों में हीटवेव चलेगी। हीट वेव की मुख्य वजह पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी दिशा से चलने वाली बेहद गर्म और सूखी हवाएं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान और पाकिस्तान के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली इन गर्म हवाओं का असर पंजाब के मालवा क्षेत्र में सबसे ज्यादा देखने को मिलता है। सोमवार को टेंपरेचर में 2.3 डिग्री सेल्सियस की बढोतरी हुई और यह नॉर्मल से 3.1 डिग्री ज्यादा हो गया। सोमवार को सबसे गर्म जिला बठिंडा रहा, जहां मैक्सिमम टेंपरेचर 47 डिग्री तक पहुंच गया है।

गर्मी बढ़ने के 3 बड़े असर
- बिजली की डिमांड बढ़ी: पंजाब में लगातार बढ़ती गर्मी की वजह से बिजली की डिमांड भी तेजी से बढ़ रही है। सोमवार दिन में इस सीजन में पहली बार बिजली की मांग 13,555 मेगावाट तक पहुंच गई। शाम 5 बजे यह डिमांड 12 हजार मेगावाट और रात 7 बजे तक घटकर 10,174 मेगावाट तक हो गई। पंजाब में बिजली उत्पादन क्षमता 4500 मेगावाट रोजाना है। इसलिए सेंट्रल पूल से करीब 9 हजार मेगावाट बिजली खरीदनी पड़ी।
- चंडीगढ़ में AC 24 डिग्री से कम न करने की सलाह: गर्मी को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर कहा कि तेज धूप के समय वह घर से न निकले। अस्पतालों में हीट से बचाव के लिए विशेष स्टाफ तैनात किया। सभी सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, मॉल, होटल और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में AC का टेंपरेचर 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रखा जाए।
- अस्पतालों में हीट स्ट्रोक वार्ड, हेल्पलाइन नंबर जारी: पंजाब में सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त अस्पतालों में विशेष ‘हीट स्ट्रोक वार्ड’ स्थापित किए हैं। लू से संबंधित बीमारियों के इलाज के लिए सभी अस्पतालों में जरूरी लाइफ सेविंग दवाओं और ORS पैकेट की 24×7 उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। लोग हेल्पलाइन नंबर 104 पर फोन कर डॉक्टरी मदद ले सकते हैं।
चंडीगढ़ में स्कूलों के लिए हीट एडवाइजरी जारी
चंडीगढ़ प्रशासन ने सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए हीट सेफ्टी एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने कहा है कि स्कूल समय के दौरान बच्चों, खासकर प्री-प्राइमरी और प्राइमरी क्लास के बच्चों को तेज धूप से बचाया जाए। स्कूलों को खेलकूद और आधी छुट्टी जैसी बाहरी गतिविधियां दिन के ठंडे समय या छायादार जगहों पर कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्कूल परिसर में साफ और पर्याप्त पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। वाटर कूलर का सही रखरखाव करने और बच्चों को पूरे समय हाइड्रेटेड रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा कि अगर किसी बच्चे में गर्मी से जुड़ी परेशानी के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत मेडिकल सहायता दी जाए। वहीं अभिभावकों और अटेंडेंट्स को भी बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के दौरान जरूरी सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने को कहा गया है।
अगले 3 दिन कैसा मौसम रहेगा
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 20 से 23 मई तक 22 जिलों में हीटवेव चलेगी। इन जिलों में फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, रूपनगर और एसएएस नगर (मोहाली) में हीट वेव चलेगी।

