पंचकूला: पंचकूला पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने अमरावती क्षेत्र में हुए चर्चित सोनू नोल्टा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल गोपाल सुखोमाजरी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपाल निवासी गांव सुखोमाजरी, थाना पिंजौर, जिला पंचकूला के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड पर लिया। पुलिस ने रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने आरोपी से गहन पूछताछ करते हुए उसके मोबाइल फोन सहित घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच की और मोबाइल फोन भी बरामद किया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
पंचकूला के अमरावती क्षेत्र स्थित मॉल के बाहर हथियारबंद युवकों ने 5 जून 2025 को सोनू नोल्टा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना पिंजौर में दर्ज है और मामले की जांच लगातार जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गोपाल सुखोमाजरी ने इस हत्याकांड में बेहद अहम भूमिका निभाई थी। आरोपी ने मुख्य शूटर पीयूष पिपलानी और अंकुश सोलंकी को छिपने में मदद करने के साथ-साथ वारदात से पहले रैकी करवाई थी। इतना ही नहीं, आरोपियों को हथियार उपलब्ध करवाने, सोनू की लोकेशन बताने के साथ हत्या की पूरी योजना तैयार करने और साजिश को अंजाम तक पहुंचाने में भी उसकी मुख्य भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और राजनीतिक गतिविधियों में भी शामिल रहा है। आरोपी पूर्व में कालका विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका है। जिसमें उसको 31 हजार 688 वोट मिले थे। बतौर निर्दलीय वह तीसरे स्थान पर रहा।

