पीएम मोदी की बचत की अपील का असर 12 राज्यों में दिख रहा है। त्रिपुरा में ग्रुप C और D के सिर्फ 50% सरकारी कर्मचारी ही रोज ऑफिस आएंगे, बाकी कर्मचारी वर्क फ्रॉम होम करेंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और गोवा के CM प्रमोद सावंत ने पेट्रोल बचाने, सरकारी खर्च कम करने के लिए अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या 50% कम करने का फैसला लिया है। पंजाब में गवर्नर ऑफिस में हर बुधवार को अधिकारी चार-पहिया वाहन से नहीं आएंगे। हरियाणा में सीएम नायब सिंह सैनी हफ्ते में एक दिन बिना गाड़ी के चलेंगे। इससे पहले बुधवार को दिल्ली, यूपी, एमपी, राजस्थान और बिहार में भी VVIP काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी गई है। पीएम मोदी भी बुधवार को काफिला छोड़ सिर्फ 2 गाड़ियों के साथ निकले। आमतौर पर पीएम के काफिले में 12 से 15 गाड़ियां रहती हैं।

हरियाणा: सीएम ने काफिला घटाया, हफ्ते में एक दिन बिना गाड़ी के चलेंगे
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए अपने सरकारी काफिले में गाड़ियों की संख्या कम करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि अब उनके काफिले में सिर्फ सुरक्षा के लिए जरूरी वाहन ही शामिल होंगे। सीएम ने यह भी तय किया है कि वे हफ्ते में एक दिन कोई भी गाड़ी इस्तेमाल नहीं करेंगे।

