पंचकूला: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है। देश के 22 रीजन में गुरुग्राम रीजन 8वें नंबर पर रहा, जबकि पंचकूला रीजन 12वें नंबर पर रहा। पंचकूला में इस बार 85.73 परसेंट रिजल्ट रहा, वहीं गुरुग्राम रीजन का रिजल्ट 88.45 परसेंट रहा। पंचकूला रीजन में इस बार 74,723 स्टूडेंट ने परीक्षा में हिस्सा लिया था। पंचकूला रीजन में हरियाण के 11 जिलों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश भी शामिल है। पंचकूला की अनुष्का के ह्यूमैनिटी स्ट्रीम में 99.2 परसेंट मार्क्स आए हैं। वहीं करनाल के दयाल सिंह स्कूल की काशवी ने कामर्स स्ट्रीम में 99 परसेंट नंबर हासिल किए। सीबीएसई ने इस बार भी 12वीं क्लास की मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है। इससे बोर्ड ने कोई भी टॉपर घोषित नहीं किया है। बोर्ड ने स्कूल प्रिंसिपल्स को भी सख्त हिदायतें दी हैं कि वे अपने स्तर पर भी स्कूल टॉपर घोषित न करें।
- मेरिट लिस्ट जारी नहीं होगी: CBSE बोर्ड मेरिट लिस्ट जारी नहीं करता है। इसके अलावा रिजल्ट में कोई टॉपर भी घोषित नहीं किया जाता है। बोर्ड सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को ये निर्देश देता है कि किसी भी बच्चे को स्कूल या जिले का टॉपर घोषित न करें।
- हर विषय में 33% अंक लाना जरूरी: सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा पास करने के लिए छात्रों को कुल अंको के साथ हर विषय में कम से कम 33% अंक लाना होगा। इससे कम अंक आने पर उन्हें उस विषय में फेल माना जाएगा। जो छात्र 1 सब्जेक्ट में फेल होंगे, उन्हें कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होकर साल बचाने का मौका दिया जाएगा। लेकिन 2 या उससे अधिक सब्जेक्ट में फेल होने वाले छात्रों को दोबारा 12वीं क्लास में बैठना होगा।
पंचकूला की अनुष्का मलिक के 99.2 परसेंट
पंचकूला के सेंट सोल्जर स्कूल की छात्रा अनुष्का मलिक के 99.2 परसेंट मार्क्स आए हैं। अनुष्का के ह्यूमैनिटी स्ट्रीम में इंग्लिश में 99, पॉलिटिकल साइंस में 98, साइकोलॉजी में 100, इकोनॉमिक्स में 99 और वेब एप्लीकेशन में 100 नंबर आए हैं। अनुष्का का कहना है कि सिविल सर्विसेज के क्षेत्र में अपनी करिअर बनाना चाहती है। साइकोलॉजी सब्जेक्ट से ग्रेजुएशन करना चाहती है, इसके लिए सीयूईटी की तैयारी कर रही है। अनुष्का के पिता सेना की फारवर्ड सिंगल कोर में कर्नल के पद पर तैनात हैं। उनकी माता तान्या हाउसवाइफ हैं।

