चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा में मुख्यमंत्री विजय की सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार फ्लोर टेस्ट में पास हो गई है। TVK के समर्थन में 144 वोट पड़े, जिसमें AIADMK के बागी विधायकों को वोट भी शामिल हैं। विश्वास प्रस्ताव के विरोध में केवल 22 वोट पड़े। वोटिंग के दौरान 5 विधायक गैरमौजूद रहे। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने विजय की AIADMK के बागी विधायकों से मुलाकात पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह गलत है। यह बदलाव है या सौदेबाजी। क्या यही आपकी साफ-सुथरी सरकार है। TVK सरकार को इंस्टाग्राम Reel के जरिए नहीं, बल्कि Real गवर्नेंस करनी चाहिए। इस पर सीएम विजय ने कहा उनकी सरकार सेक्युलर तरीके से घोड़े की रफ्तार से काम करेगी न कि हॉर्स ट्रेडिंग में शामिल होगी। पिछली सरकार की सभी योजनाओं को हमारी सरकार जारी रखेगी। इस दौरान DMK ने सदन का वॉकआउट कर दिया। तमिलनाडु में TVK की सरकार बनने के साथ ही AIADMK में फूट भी पड़ गई है।

BJP नेता बोले- TVK को जनादेश मिला, लेकिन साफ बहुमत नहीं
चेन्नई में BJP नेता विनोज पी सेल्वम ने कहा कि TVK को जनता से अच्छी संख्या में सीटें मिली हैं, जिसे एक तरह का जनादेश माना जा सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट जनादेश नहीं है कि विजय अगले पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहें और राज्य का नेतृत्व करें।उन्होंने चिंता जताई कि विजय ने अब उन पार्टियों से हाथ मिला लिया है, जिनका वह पहले विरोध करते थे, खासकर तब जब उन्होंने खुद को वंशवाद के खिलाफ बताया था। सेल्वम ने कहा कि विजय को थोड़ा समय लेकर हालात का आकलन करना चाहिए और जनता से किए गए वादों को पूरा करना शुरू करना चाहिए। इसके बाद ही तमिलनाडु में TVK के भविष्य का सही आकलन किया जा सकेगा।

